नीरज भारती पर कांग्रेस का बड़ा एक्शन तय? आज होगी अनुशासन समिति की अहम बैठक

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नीरज भारती की ओर से सोशल मीडिया पर लगातार की जा रही बयानबाजी को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी मुद्दे पर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कुलदीप राठौर करेंगे, जिसमें नीरज भारती से जुड़े मामले पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और समिति अपना फैसला ले सकती है। इस संबंध में जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले नीरज भारती की बयानबाजी पर संबंधित जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। हालांकि, इस बीच नीरज भारती ने प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा स्वीकार भी कर लिया गया था।

Advertisement

इसके बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया और कांग्रेस के कांगड़ा जिला अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने नीरज भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया। वहीं, नीरज भारती की सोशल मीडिया गतिविधियों और बयानों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी गंभीरता से संज्ञान लिया है।

अब सभी की नजरें मंगलवार को होने वाली अनुशासन समिति की बैठक पर टिकी हैं, जहां इस पूरे मामले पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। राजनीतिक गलियारों में भी इस बैठक को लेकर चर्चाएं तेज हैं और माना जा रहा है कि समिति का फैसला प्रदेश कांग्रेस की आगामी रणनीति के लिहाज से अहम साबित हो सकता है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!