नगरोटा क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से प्रस्तावित वाहन ओवरपास (वीओपी) निर्माण कार्य के चलते नगरोटा बाइपास क्षेत्र में स्थित एमडीआर सड़क को एक महीने के लिए बंद किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी लेकर ही सफर करने की अपील की है।

जिला दंडाधिकारी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने जन सुरक्षा और निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा कराने के उद्देश्य से आवश्यक आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि नगरोटा में प्रस्तावित वाहन ओवरपास (वीओपी) निर्माण कार्य को देखते हुए 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक नगरोटा बाइपास क्षेत्र में स्थित मौजूदा एमडीआर सड़क सभी प्रकार के वाहनों के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगी।

इस अवधि के दौरान सभी वाहनों की आवाजाही को कवाड़ी गांव–चाहड़ी गांव–भट्टू चौक–रनूंह मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय निर्माण कार्य को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए लिया गया है।

जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्ग का पालन करने और यातायात नियमों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना से बचा जा सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


