शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सोमवार सुबह जनसमस्याओं और विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए मैदान में उतरे। दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने सुबह करीब 6:30 बजे सारनू पहुंचकर श्री रविदास मंदिर के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और निर्माण की प्रगति की जानकारी ली।

इसके बाद करीब पौने सात बजे केवल सिंह पठानिया अचानक सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंच गए। खास बात यह रही कि उन्हें सुबह 8:50 बजे गगल से दिल्ली के लिए फ्लाइट लेनी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर मरीजों से मुलाकात करने और उनका कुशलक्षेम जानने को प्राथमिकता दी।

अस्पताल में विधायक ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत की तथा अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की समस्याओं को ध्यान से सुना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

इस दौरान उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ को मरीजों का विशेष ध्यान रखने तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं को करीब से जानना और उनका समाधान करवाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करने और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को गति देने के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


