ज्वालामुखी (हिमाचल प्रदेश), 9 नवंबर: उपमंडल ज्वालामुखी के फकलोह क्षेत्र में शनिवार देर रात लगी भीषण आग ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत को राख में बदल दिया।
वार्ड नंबर-1 ज्वालामुखी निवासी समिता चौधरी के स्वामित्व वाले “मिठ्ठू टेंट हाउस” में लगी आग से करीब 80 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
भीषण आग ने सब कुछ निगल लिया
आग इतनी तेज थी कि टेंट, कुर्सियां, टेबल, चुनी, बर्तन, क्रोकरी, काउंटर और करीब 200 बिस्तर कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गए।
रविवार तड़के सुबह करीब पांच बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर समिता को सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचीं तो टेंट हाउस पूरी तरह जल चुका था।
समिता ने बताया —
“यह हादसा सामान्य नहीं लगता, संभव है कि किसी शरारती तत्व ने आग लगाई हो। इससे पहले जब मेरा टेंट हाउस दरंग में था, तब भी आग लगाने की कोशिश की गई थी, लेकिन तब समय रहते आग बुझा ली गई थी।”
आग पर काबू पाने में हुई देरी
जानकारी मिलते ही ज्वालामुखी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पानी के कम प्रेशर के कारण आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका।
बाद में देहरा से फायर ब्रिगेड की अतिरिक्त टीम बुलाई गई, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
विधायक संजय रत्न मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक संजय रत्न भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और प्रशासन को पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देने के निर्देश दिए।
पति के निधन के बाद खुद संभाला कारोबार
समिता चौधरी पिछले पांच वर्षों से पति के निधन के बाद स्वयं टेंट हाउस का संचालन कर रही थीं।
उनके परिवार में 13 वर्षीय बेटा गीतांश और 10 वर्षीय बेटी रूहानी हैं। अचानक हुए इस भीषण हादसे से पूरा परिवार सदमे में है।
मां के दुख को देखकर दोनों बच्चे फफक-फफक कर रो पड़े।
स्थानीय लोगों ने की सहायता की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि
“समिता चौधरी को तुरंत आर्थिक सहायता और पुनर्वास मुहैया कराया जाए ताकि वह अपने परिवार के साथ दोबारा खड़ी हो सकें।”
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!