Himachal: भाजपा में बड़ा बदलाव: जेपी नड्डा की विदाई, नितिन नबीन बने नए कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी में एक अहम संगठनात्मक बदलाव हुआ है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से जगत प्रकाश नड्डा की सम्मानजनक विदाई की गई है और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का नया कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नड्डा के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए ने केंद्र में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की, जिसे संगठन की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल के दौरान बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों में एनडीए को प्रचंड जीत मिली। जब नड्डा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ा, उस समय देश में भाजपा के पास सबसे अधिक सांसद और विधायक थे। जून 2019 में वे भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने थे और जनवरी 2020 में उन्हें पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। उनका कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हुआ था, लेकिन बिहार सहित अन्य चुनावों को देखते हुए उन्हें सेवा विस्तार दिया गया, जिसमें वे पूरी तरह सफल रहे। हालांकि उनके नेतृत्व में भाजपा हिमाचल विधानसभा चुनाव हार गई थी, लेकिन देश के अन्य प्रमुख राज्यों में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया।

हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव में सम्मानजनक जीत के बाद पार्टी ने नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से विदाई दी। विदाई से पहले नड्डा ने हिमाचल प्रदेश भाजपा को राज्य कार्यालय समर्पित किया और शिमला में एक जनसभा को भी संबोधित किया। अब वे केंद्र सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन व उर्वरक मंत्रालय पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित करेंगे। नड्डा के नेतृत्व में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने।

जगत प्रकाश नड्डा का राजनीतिक सफर भी काफी लंबा और प्रभावशाली रहा है। मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले नड्डा का जन्म 2 दिसंबर 1960 को पटना में हुआ था। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से बीए और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की। युवावस्था में वे जय प्रकाश नारायण के आंदोलनों से जुड़े रहे और बाद में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 1989 में वे एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री बने और 1991 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष नियुक्त किए गए। 1993 में वे पहली बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा के विधायक बने और नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाली। 1998 में दोबारा विधायक चुने गए और धूमल सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बने। 2010 में वे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बने, 2012 में राज्यसभा सदस्य चुने गए और 2014 से 2019 तक केंद्र सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल में भी उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के साथ रसायन व उर्वरक मंत्रालय का जिम्मा सौंपा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से विदाई के बाद जगत प्रकाश नड्डा की हिमाचल प्रदेश की राजनीति में वापसी की अटकलें भी तेज हो गई हैं। 2027 में हिमाचल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं और ऐसे में पार्टी उनके अनुभव का राज्य में भी लाभ उठा सकती है। इससे पहले वे बिलासपुर सदर से विधायक और धूमल मंत्रिमंडल में मंत्री रह चुके हैं।

इधर, नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को भाजपा नेताओं ने बधाई दी है। जगत प्रकाश नड्डा ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में नितिन नबीन के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी नितिन नबीन को कर्मठ, ऊर्जावान और संगठननिष्ठ नेता बताते हुए शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर, डॉ. सिकंदर कुमार, इंदू गोस्वामी और अन्य नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी।

नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को रांची में हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा पटना पश्चिम से चार बार विधायक रहे। नितिन नबीन स्वयं पांच बार बिहार विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। वे पहली बार 2006 में पटना पश्चिम से विधायक चुने गए और बाद में बांकीपुर सीट से लगातार 2010, 2015, 2020 और 2025 में जीत दर्ज की। वे युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे बिहार सरकार में सड़क निर्माण तथा शहरी विकास एवं आवास मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!