धर्मशाला: हिमाचल सड़क परिवहन निगम (HRTC) ने अपने नियमित यात्रियों के लिए बड़ी सौगात दी है। निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने शनिवार को ‘हिम बस प्लस कार्ड’ लॉन्च किया। उन्होंने बताया कि इस कार्ड के जरिए नियमित यात्रियों को सालभर में 2,000 रुपये तक का लाभ मिल सकता है। कांगड़ा स्थित अपने कार्यालय में कार्ड लॉन्च करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल यात्रियों को अधिक सुविधाएं और यात्रा पर बेहतर बचत देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

अजय वर्मा ने बताया कि यात्री केवल 365 रुपये यानी एक रुपये प्रतिदिन के वार्षिक शुल्क पर ‘हिम बस प्लस कार्ड’ बनवा सकते हैं। यह कार्ड HRTC की आधिकारिक वेबसाइट, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और लोक मित्र केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध रहेगा।

उन्होंने कहा कि कार्डधारकों को पहली ही यात्रा से पांच प्रतिशत कैशबैक मिलेगा। जैसे-जैसे यात्राओं की संख्या बढ़ेगी, वैसे-वैसे कैशबैक और छूट का लाभ भी बढ़ता जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना के तहत 15 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब HRTC बसों में केवल ‘हिम बस प्लस कार्ड’ ही मान्य होगा, जबकि पहले जारी किए गए अन्य सभी कार्ड बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने यात्रियों से जल्द से जल्द नए कार्ड के लिए पंजीकरण कराने की अपील की।

अजय वर्मा ने बताया कि HRTC के बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री द्वारा राज्यभर में संचालन के लिए हरी झंडी दिखाई जा चुकी है। इनमें से 10 इलेक्ट्रिक बसें धर्मशाला डिपो को आवंटित की गई हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में जल्द ही दो नई इलेक्ट्रिक बसें नियमित रूप से चलनी शुरू होंगी। इसके अलावा भविष्य में HRTC को 1,000 टाइप-II इलेक्ट्रिक बसें मिलने की उम्मीद है, जबकि 100 हाइड्रोजन संचालित बसों को भी बेड़े में शामिल करने की योजना है।

कर्मचारियों के हितों को लेकर भी अजय वर्मा ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि HRTC कर्मचारियों को अब तक 300 करोड़ रुपये के लाभ दिए जा चुके हैं। मेडिकल रीइम्बर्समेंट के सभी लंबित दावों का निपटारा कर दिया गया है और एक वर्ष का लंबित ओवरटाइम भुगतान भी जल्द जारी किया जाएगा। इसके साथ ही निगम ने 766 नए कर्मचारियों की भर्ती, 1,700 कर्मचारियों को पदोन्नति और 2,322 कर्मचारियों की सेवाएं नियमित की हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


