हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए आयोजित होने वाली कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा तिथियों और शिफ्टों की जानकारी आधिकारिक रूप से घोषित कर दी गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार स्टेनो टाइपिस्ट (पोस्ट कोड 25025) और प्लेट मेकर (ऑफसेट) (पोस्ट कोड 25009) की परीक्षा 15 जून 2026 को सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसी दिन ऑफसेट ऑपरेटर (पोस्ट कोड 25007) और फोटो टाइप सेटर ऑपरेटर (पोस्ट कोड 25008) की परीक्षा दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक होगी। वहीं फ्लाई ब्वॉय (ऑफसेट) (पोस्ट कोड 25010) और लेबोरेटरी असिस्टेंट (बायोलॉजी एंड सीरोलॉजी) (पोस्ट कोड 25018) की परीक्षा शाम 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित की जाएगी।

आयोग ने यह भी बताया कि जीव विज्ञान शिक्षक (पोस्ट कोड 26017) के पदों के लिए परीक्षा 26 जून 2026 को दो शिफ्टों में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक निर्धारित की गई है।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा से लगभग एक सप्ताह पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके माध्यम से अभ्यर्थी अपना रोल नंबर और एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा रोल नंबर और परीक्षा केंद्र से संबंधित जानकारी अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन पर एसएमएस के जरिए भी भेजी जाएगी।
उन्होंने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे आयोग की वेबसाइट, एसएमएस और ईमेल के माध्यम से नियमित रूप से अपने आवेदन की स्थिति और परीक्षा संबंधी ताजा अपडेट चेक करते रहें ताकि किसी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!