हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां चुराह विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. हंसराज को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। विधायक ने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. हंसराज अपने विधानसभा क्षेत्र कैंथली से एक कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान लढान कोहाल निवासी छेच्छ ठाकुर ने जबरन उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ अभद्र व हिंसक व्यवहार करने लगा। बताया जा रहा है कि आरोपी इतना आक्रोशित था कि उसने विधायक की गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी तक दे डाली।
विधायक ने इस घटना को गंभीर बताते हुए ई-मेल के माध्यम से पुलिस थाना तीसा में शिकायत भेजी है और अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी ने उनके ड्राइवर को भी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी छेच्छ ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। डॉ. हंसराज ने साफ कहा है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी आरोपी की होगी।
गौरतलब है कि डॉ. हंसराज पूर्व में विधानसभा उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्हें मिली धमकियों के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!