हिमाचल प्रदेश की नन्ही कलाकार आशवी धीमान ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में आशवी धीमान को इंडो इंटरनेशनल आइकॉन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि न केवल आशवी के लिए बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय बनी है। अपनी कला और सांस्कृतिक योगदान के दम पर आशवी इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल कर चुकी हैं।
यह सम्मान समारोह दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित किया गया था, जहां देशभर से कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में पद्मश्री से सम्मानित जितेंद्र सिंह शंटी भी शामिल हुए, जिन्होंने स्वयं आशवी धीमान को यह पुरस्कार प्रदान किया। मंच पर जब आशवी को सम्मान मिला, तो उपस्थित लोगों ने तालियों से उसका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का आयोजन ह्यूमन राइट्स काउंसिल के चेयरमैन संजय सिन्हा द्वारा किया गया था। आयोजकों ने आशवी के बाल कलाकार के रूप में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और सांस्कृतिक प्रचार में उनके योगदान की सराहना की। आशवी की यह उपलब्धि बताती है कि कम उम्र में भी कड़ी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
आशवी धीमान की इस सफलता से प्रदेश के उभरते कलाकारों और बच्चों को नई प्रेरणा मिली है। हिमाचल की यह नन्ही बेटी आज पूरे राज्य का नाम रोशन कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!