Kangra: शाहपुर में हुई बड़ी बैठक, भूतपूर्व अर्द्धसैनिक बलों के लिए जल्द बन सकता है कल्याण बोर्ड

शाहपुर में भूतपूर्व अर्द्धसैनिक बल कल्याण संगठन जिला कांगड़ा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ केंद्र सरकार के पास लंबित विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह बैठक जिला अध्यक्ष एमएल ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व जवानों और संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष एमएल ठाकुर ने दिल्ली में अर्द्धसैनिक बलों के लिए बनाए गए एम्स अस्पताल की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि हीरो मोटोकॉर्प ने अर्द्धसैनिक बलों के वर्तमान और पूर्व जवानों को अपनी गाड़ियां किफायती दरों पर उपलब्ध करवाने की घोषणा की है। उन्होंने सभी पूर्व जवानों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित योग अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

Advertisement

जिला उपाध्यक्ष बलदेव सिंह राणा ने बताया कि भूतपूर्व अर्द्धसैनिक बलों के लिए सीएलएमएस (मदिरा) सुविधा शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सीजीएचएस अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और केंद्र सरकार द्वारा 20 जून के बाद वहां आवश्यक स्टाफ की नियुक्तियां की जाएंगी।

बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया के सहयोग से भूतपूर्व अर्द्धसैनिक बलों के लिए कल्याण बोर्ड की अधिसूचना जल्द जारी होने की संभावना है। इसके लिए भूतपूर्व अर्द्धसैनिक बलों का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक केवल सिंह पठानिया के साथ मुख्यमंत्री से भी मुलाकात कर चुका है।

बैठक में जिला पदाधिकारियों सहित सैकड़ों सदस्यों ने भाग लिया और पूर्व जवानों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!