शाहपुर, 21 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के द्रमण में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से सब्जी मंडी खोली जाएगी। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने और स्थानीय लोगों की आर्थिकी मजबूत होने की उम्मीद है। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने द्रमण में आयोजित दशहरा उत्सव के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने फोरलेन निर्माण से प्रभावित दुकानदारों के लिए 25 दुकानों के निर्माण की भी घोषणा की।
केवल सिंह पठानिया ने बताया कि द्रमण में सब्जी मंडी खुलने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही फोरलेन निर्माण से प्रभावित दुकानदारों को राहत देने के उद्देश्य से यहां 25 दुकानों का निर्माण भी किया जाएगा।
द्रमण में दशहरा उत्सव विजयादशमी के अगले दिन मनाया जाता है। उत्सव के दौरान केवल सिंह पठानिया ने रामलीला में विभिन्न किरदार निभाने वाले कलाकारों को सम्मानित किया और उनकी कला व योगदान की सराहना की। इसके बाद उन्होंने रावण सहित अन्य पुतलों का दहन किया और उपस्थित लोगों को दशहरा उत्सव की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, जिला कांग्रेस महासचिव अजय बबली, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर, प्रधान सुरेश, कमल कटोच, बीडीसी सदस्य आकाश, बलि राम, देवराज, उपप्रधान विकास, उपप्रधान बिंदु राणा और उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय सहित बड़ी संख्या में दर्शक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


