कुमारसैन। डीएवी कुमारसैन की पूर्व छात्रा डॉ. अमेया शर्मा ने अपनी शैक्षणिक और शोध उपलब्धियों के दम पर हिमाचल प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनका चयन Stanford University–Elsevier World’s Top 2% Scientists की प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में हुआ है।
डॉ. अमेया शर्मा बड़ागांव की स्थायी निवासी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी कुमारसैन और डीएवी हमीरपुर से प्राप्त की। 12वीं कक्षा डीएवी हमीरपुर से पूरी करने के बाद उन्होंने चिटकारा विश्वविद्यालय से बी.फार्मेसी, एम.फार्मेसी और फार्मास्यूटिकल साइंसेज में पीएच.डी. की उपाधि हासिल की। वर्तमान में वह चिटकारा यूनिवर्सिटी के बद्दी कैंपस स्थित चिटकारा स्कूल ऑफ फार्मेसी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर सेवाएं दे रही हैं।
फार्मास्यूटिकल साइंसेज के क्षेत्र में डॉ. अमेया का शोध मुख्य रूप से वाउंड हीलिंग, ड्रग डिलीवरी, बायोमटेरियल्स और उन्नत फार्मास्यूटिकल डिलीवरी सिस्टम्स पर केंद्रित है। उनके शोध कार्य अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा, विभिन्न शोध परियोजनाओं और पेटेंट्स के माध्यम से भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में डॉ. अमेया का चयन उनके शोध कार्यों के प्रभाव और वैज्ञानिक योगदान को मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से डीएवी कुमारसैन और डीएवी हमीरपुर में खुशी का माहौल है। डॉ. अमेया की सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है और यह दिखाती है कि छोटे क्षेत्रों से निकलकर भी युवा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


