नालागढ़, 2 अक्टूबर 2026: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में स्थित बसोहली हाईड्रो इलैक्ट्रिक पावर प्रोजैक्ट में 29 सितंबर की शाम सीआईएसएफ कैंप में हुई गोलीबारी की घटना में वीरगति को प्राप्त हुए उपमंडल नालागढ़ की रामशहर तहसील के गांव लूना, ग्राम पंचायत चिल्लड़ निवासी करीब 38 वर्षीय सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह का वीरवार को सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी।
सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह पुत्र बलबीर सिंह की पार्थिव देह जैसे ही गांव पहुंची, पूरा माहौल गमगीन हो गया। अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग गांव में पहुंचे। माता-पिता और पत्नी सहित परिवार के अन्य सदस्यों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
अंतिम संस्कार के दौरान प्रशासन की ओर से रामशहर तहसीलदार डा. अभिषेक सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार राजेंद्र ठाकुर और थाना प्रभारी बलबीर सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष शिव लाल वर्मा, जिला परिषद सदस्य सतीश कुमार, सेवानिवृत्त कैप्टन कमल कुमार, पूर्व प्रधान मदन लाल, पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और पूर्व सैनिकों ने शहीद सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह की अंतिम यात्रा में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग, पूर्व सैनिक और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पूरे रास्ते लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। सैनिक सम्मान के साथ हुए अंतिम संस्कार के दौरान गांव का माहौल बेहद भावुक रहा।
सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गांव और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके बलिदान को याद किया।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


