Chamba: चम्बा में नाकाबंदी के दौरान ऑल्टो कार से 10.08 ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार

जिला चम्बा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सलूणी क्षेत्र में पठानकोट-चौहड़ा-सुंडला मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक ऑल्टो कार से 10.08 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। कार में सवार दो युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस टीम तलेरू के पास नाकाबंदी कर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान पठानकोट की ओर से तलेरू की तरफ आ रही एक ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस को देखते ही कार में बैठे युवक घबरा गए, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 10.08 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल भारद्वाज पुत्र खेम राज निवासी गांव धार (भंजराड़ू) और मोहिंद्र सिंह उर्फ धौनी पुत्र प्रभुदयाल निवासी गांव चरोटा, तहसील चुराह के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। अब इस बात की गहन जांच की जा रही है कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे क्षेत्र में किसे सप्लाई किया जाना था। क्षेत्र में बढ़ती नशा तस्करी के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!