चम्बा शहर में शराब के नशे में हुड़दंग मचाना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे काबू में लेकर सिटी चौकी पहुंचाया और धारा 114 के तहत चालान किया। इसके बाद व्यक्ति को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। अब शुक्रवार को उसे डीएसपी के समक्ष पेश किया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब 11 बजे एक व्यक्ति टैक्सी स्टैंड के पास शराब के नशे में उत्पात मचाने लगा। हालात उस समय और बिगड़ गए जब उसने सरेआम कपड़े उतार दिए और नग्न अवस्था में हंगामा करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को काबू में लिया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि वह जल शक्ति विभाग में बतौर चौकीदार कार्यरत है। पुलिस उसे शहरी चौकी लेकर गई, जहां से मेडिकल कॉलेज चम्बा में उसका मेडिकल करवाया गया। इसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई और बाद में उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया।
इस मामले पर जल शक्ति विभाग के एसडीओ प्रवीण ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है, लेकिन संबंधित कर्मचारी बुधवार को नाइट ड्यूटी पर था, जिस कारण वीरवार को अवकाश पर था। वहीं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने के चलते व्यक्ति के खिलाफ धारा 114 के तहत चालान किया गया है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!