ज्वाली, 18 अगस्त। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने मंगलवार को शिव शंकर पैलेस, लब भनेई में ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया। इस दौरान वार्ड सदस्यों, उपप्रधानों, प्रधानों, बीडीसी सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों को शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया।
राजनीति से ऊपर उठकर करें ईमानदारी से जनसेवा
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि जनता ने विश्वास जताकर उन्हें जनसेवा की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से राजनीति से ऊपर उठकर ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पंचायतों में लोगों के कार्य करवाने के साथ विकास योजनाओं को गति देना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। पंचायत के प्रत्येक व्यक्ति को साथ लेकर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया जाना चाहिए, ताकि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरा जा सके।
नशे के खिलाफ पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय भूमिका की अपील
प्रो. चन्द्र कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों से अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ मजबूती से खड़े होने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा समाज और खासकर युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करते हुए नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
पुराने और बचे हुए पंचायत फंड का पहले करें इस्तेमाल
कृषि मंत्री ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में उपलब्ध पुराने और बचे हुए धन की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध राशि का उचित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंचायतों में पहले से उपलब्ध पुराने धन का सदुपयोग किया जाए और उसके बाद ही नए धन की मांग और स्वीकृति की दिशा में आगे बढ़ा जाए। उन्होंने पंचायत प्रधानों से अपनी शक्तियों और अधिकारों का सही इस्तेमाल करते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने का भी आह्वान किया।
मजबूत पंचायत व्यवस्था से गांवों में तेज होगा विकास
प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। मजबूत पंचायत व्यवस्था के माध्यम से ही गांवों में विकास को नई गति दी जा सकती है।
उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ काम करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें।
किसानों को बांटे स्प्रे पंप
कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री ने चयनित किसानों को स्प्रे पंप भी वितरित किए। उन्होंने किसानों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एसडीएम नरेंद्र जरियाल, बीडीओ मनोज शर्मा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष ऐवी पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया, कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी, कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह, अश्वनी चौधरी, सुरिंदर छिंदा, विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


