पालमपुर। चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय (CSKHPKV), पालमपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का फीस बढ़ोतरी के विरोध में आंदोलन लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। छात्र संगठन ने हाल ही में बढ़ाई गई फीस वापस लेने और कम की गई ICAR सीटों को बहाल करने की मांग उठाई है।

ABVP ने विश्वविद्यालय में शिक्षण और गैर-शिक्षण पदों की रिक्तियों, शैक्षणिक ढांचे की कमियों और लंबे समय से स्थायी कुलपति की नियुक्ति न होने का मुद्दा भी उठाया है। आंदोलन के सातवें दिन ABVP की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात की और छात्रों की समस्याओं से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से इन मुद्दों के समाधान के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

ABVP के अनुसार आंदोलन की दो प्रमुख मांगें फीस बढ़ोतरी वापस लेना और विभिन्न पाठ्यक्रमों में ICAR सीटों को बहाल करना हैं। संगठन का कहना है कि इन दोनों फैसलों का सबसे ज्यादा असर किसान परिवारों, ग्रामीण क्षेत्र, मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले छात्रों पर पड़ेगा।
ABVP ने दावा किया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नई फीस संरचना के तहत विभिन्न पाठ्यक्रमों की फीस में करीब 28 से 36 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। संगठन ने कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंसेज में BVSc & AH की सेल्फ-फाइनेंसिंग सीटों की फीस में हुई भारी बढ़ोतरी पर भी आपत्ति जताई है।

छात्र संगठन का कहना है कि कृषि विश्वविद्यालय का उद्देश्य किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना होना चाहिए। ABVP के मुताबिक फीस में इतनी बड़ी बढ़ोतरी से कई परिवारों के लिए प्रोफेशनल शिक्षा हासिल करना मुश्किल हो सकता है।
ABVP ने विश्वविद्यालय में शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी उठाया। संगठन ने प्रयोगशालाओं, लेक्चर थिएटर, शोध सुविधाओं और अन्य शैक्षणिक ढांचे में कमियों का आरोप लगाया है।
ABVP विश्वविद्यालय इकाई की अध्यक्ष शैफाली ठाकुर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल की बैठक से छात्रों की मांगें प्रदेश सरकार के स्तर तक पहुंची हैं। उन्होंने सरकार से फीस बढ़ोतरी वापस लेने और ICAR सीटों को बहाल करने की दोनों प्रमुख मांगों पर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया।

छात्रों ने विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की नियुक्ति की मांग भी उठाई। ABVP के अनुसार चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय 21 अगस्त 2023 से स्थायी कुलपति के बिना चल रहा है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


