धर्मशाला, 07 मार्च। महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को शाहपुर के चंबी मैदान में राज्य स्तरीय लाभार्थी सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार को पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध ठाकुर और उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध ठाकुर ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, साथ ही स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी होगी। महिला सशक्तिकरण थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शाहपुर के दौरे के दौरान 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इनमें 11 करोड़ रुपये की लागत से ललेटा से बनू महादेव-धनोटू संपर्क मार्ग, 4.41 करोड़ रुपये की लागत से धनोटू वाया बड बस्ती मार्ग, 19.86 करोड़ रुपये की लागत से बनाला से रूलेहड़ रोड की अपग्रेडेशन और 5.47 करोड़ रुपये की लागत से रिड़कमार से कुठराना संपर्क मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा, मुख्यमंत्री दुरगेला में महाराणा प्रताप भवन की नींव भी रखेंगे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!