हमीरपुर: जिला हमीरपुर की तहसील गलोड़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत गाहलियां के कोहलवीं निवासी बीएसएफ जवान विक्रम दत्त (विक्की) का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। जवान के भाई दविंद्र ने उन्हें मुखाग्नि दी।

विक्रम दत्त को श्रद्धांजलि देने के लिए पूर्व विधायक बलदेव शर्मा भी पहुंचे। वहीं, मुख्यमंत्री ने भी जवान के निधन पर उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। प्रशासन की ओर से तहसीलदार गलोड़ केशव ने दिवंगत जवान को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर इंटक जिलाध्यक्ष मुनीष ठाकुर, पूर्व प्रधान कपिल कुमार, पूर्व प्रधान जोगिंद्र सिंह और वर्तमान उपप्रधान जगन्नाथ सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
छुट्टी पर आए थे घर, अगले दिन लौटना था ड्यूटी पर
जानकारी के अनुसार, विक्रम दत्त का गत दिवस हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे और अगले ही दिन उन्हें वापस ड्यूटी पर लौटना था। लेकिन अचानक हुए इस निधन से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

विक्रम दत्त के परिवार पर पिछले पांच महीनों में यह दूसरी बड़ी दुखद घटना है। करीब पांच महीने पहले ही उनके पिता का निधन हुआ था। अब विक्रम दत्त अपने पीछे बूढ़ी मां, पत्नी, दो बेटियों और महज तीन साल के बेटे को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


