हमीरपुर: उपमंडल बड़सर के छोटे से गांव पाहलू की होनहार बेटी सेजल ठाकुर ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। डाकघर झिरालड़ी के अंतर्गत आने वाले इस गांव की सेजल का चयन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (RKGMC), हमीरपुर में बीएससी इन ऑपरेशन थिएटर (OT) एंड एनेस्थीसिया कोर्स के लिए हुआ है।

सेजल की यह कामयाबी इसलिए भी खास है, क्योंकि प्रवेश परीक्षा की तैयारी के दौरान ही उनके पिता स्वर्गीय दिनेश कुमार का निधन हो गया था। पिता को खोने का गहरा दुख और मुश्किल हालात भी सेजल के हौसले को नहीं तोड़ सके। उन्होंने हिम्मत बनाए रखी और अपने पिता के सपने को पूरा करने के लिए पढ़ाई जारी रखी।
इस कठिन समय में उनकी माता अनु कुमारी ने परिवार की जिम्मेदारी अकेले संभाली। दुकानदार के रूप में काम करते हुए उन्होंने अपनी बेटियों को लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनका हौसला बनाए रखा।
सेजल के दादा भगत राम पटियाल और दादी सत्या देवी भी अपनी पोती की इस शानदार शैक्षणिक उपलब्धि से बेहद खुश और गौरवान्वित हैं। वहीं, उनकी बहन कंगन ठाकुर भी उच्च शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। वह वर्तमान में एमएससी (रेडियोलॉजी इमेजिंग एंड टेक्नोलॉजी) की पढ़ाई कर रही हैं।

सेजल की यह सफलता सिर्फ उनके परिवार की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे बड़सर क्षेत्र, हमीरपुर जिले और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है। गांव और आसपास के क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद सेजल ने जिस तरह यह मुकाम हासिल किया है, उससे क्षेत्र की दूसरी बेटियों को भी आगे बढ़ने और अपने सपने पूरे करने की प्रेरणा मिलेगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


