हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के भोरंज क्षेत्र के रुठानी गांव में 26 वर्षीय सेना के जवान अक्षय कुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उत्तराखंड के जोशीमठ में तैनात अक्षय की तीन दिसंबर को शादी होनी थी। घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन विवाह से महज 20 दिन पहले उनकी मौत की खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मौत का कारण हृदयघात होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

माता-पिता की इकलौती संतान थे अक्षय
अक्षय कुमार 16 दिसंबर 2020 को सेना में भर्ती हुए थे। देशसेवा का जज्बा लेकर सेना में शामिल हुए अक्षय अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता राज कुमार कारोबारी हैं, जबकि माता सरोज कुमारी गृहिणी हैं। बेटे की असमय मौत की खबर मिलने के बाद माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ दिन बाद अक्षय के सिर पर सेहरा सजने वाला था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

पूरे गांव में शोक की लहर, पार्थिव देह पहुंचने में लगेगा समय
अक्षय की मौत की सूचना मिलते ही रुठानी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जवान की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है। नंधन पंचायत के प्रधान रवि कुमार ने बताया कि अक्षय कुमार सेना में सेवाएं दे रहे थे। उनकी मौत से परिवार और पूरे गांव को गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने बताया कि जवान की पार्थिव देह घर पहुंचने में एक से दो दिन का समय लग सकता है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


