बिलासपुर जिले के घुमारवीं बस स्टैंड के बाहर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जंगलबैरी से शिमला रूट पर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की इलेक्ट्रिक बस के पिछले टायर की चपेट में आने से 34 वर्षीय युवक की मौके पर ही जान चली गई। हादसे में युवक के शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतक की पहचान पंकज कुमार पुत्र जय सिंह निवासी हारकुकार, तहसील घुमारवीं के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक निजी संस्थान में कार्यरत था।

बस स्टैंड से बाहर निकलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे जंगलबैरी से शिमला रूट पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बस घुमारवीं बस स्टैंड से बाहर निकल रही थी। इसी दौरान पंकज कुमार भी बस स्टैंड से बाहर आकर सड़क पार कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस जैसे ही स्टैंड से बाहर निकली, युवक अचानक उसके पिछले टायर की चपेट में आ गया।
हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस के पिछले पहिये के नीचे आने से युवक गंभीर रूप से कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बस और चालक को लिया कब्जे में
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही घुमारवीं पुलिस थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने बस चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और बस को भी कब्जे में कर लिया है। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने हादसे की पुष्टि की है।
क्षतिग्रस्त सड़क को भी बताया जा रहा संभावित कारण
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, बस स्टैंड के बाहर लिंक सड़क की खराब हालत भी हादसे की संभावित वजह हो सकती है। बताया जा रहा है कि सड़क पर बिछाए गए पेवर ब्लॉक कई जगह से उखड़ चुके हैं और जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी होती है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई कि किसी गहरे गड्ढे के कारण संतुलन बिगड़ने से युवक बस के पिछले टायर की चपेट में आ गया। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
लोगों ने संबंधित विभाग से बस स्टैंड के बाहर क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


