शाहपुर। चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प को जन आंदोलन बनाने के लिए शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में 12 नवंबर को एंटी चिट्टा मैराथन आयोजित की जाएगी। हारचक्कियां से गुब्बर तक होने वाली इस मैराथन में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोग हिस्सा लेंगे। इसके माध्यम से नशे के खिलाफ एकजुटता और जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।

शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प को पूरा करने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से शाहपुर में इस मैराथन का आयोजन किया जा रहा है, ताकि नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना और जागरूकता को बढ़ावा मिल सके।
चिट्टे के खिलाफ हर वर्ग को आना होगा आगे
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि चिट्टा केवल किसी एक व्यक्ति या परिवार की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इसके खिलाफ लड़ाई में अभिभावकों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों सहित समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मैराथन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
शाहपुर में नशे के खिलाफ चल रहीं जागरूकता गतिविधियां

पठानिया ने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और जनसहयोग से चिट्टा जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि 12 नवंबर को होने वाली मैराथन के जरिए शाहपुर से चिट्टे के खिलाफ एकजुटता, जागरूकता और स्वस्थ समाज का मजबूत संदेश दिया जाएगा।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


