हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दिवाली की रात पटाखे जलाने को लेकर हुआ विवाद खूनी टकराव में बदल गया। ऊना से करीब 10 किलोमीटर दूर बदोली गांव में दो परिवारों के बीच हुई मारपीट और थार गाड़ी से टक्कर मारने की घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद देर रात क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भी काफी हंगामा हुआ। स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर की रात बदोली गांव में एक परिवार अपने घर के आंगन में पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पड़ोसियों ने इसका विरोध किया। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से भी रंजिश चल रही थी। पटाखे जलाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान थार गाड़ी से परिवार के सदस्यों को टक्कर मार दी गई। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ओंकार सिंह और उनकी पत्नी वीना देवी को मृत घोषित कर दिया।

दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने दर्ज किए क्रॉस केस
पुलिस के अनुसार, बदोली निवासी केशव ठाकुर ने अपनी शिकायत में बताया कि 8 नवंबर की रात वह परिवार के साथ घर के आंगन में पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पड़ोसी परमजीत, फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर सिंह और ओंकार सिंह के साथ पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। केशव का आरोप है कि इस दौरान परमजीत ने उसके सिर पर दराट से हमला किया, जबकि ओंकार सिंह ने उसके पिता जरनैल सिंह के साथ दराट से मारपीट की।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद जरनैल सिंह ने थार गाड़ी से ओंकार सिंह, उनकी पत्नी वीना और सुषमा देवी को टक्कर मार दी।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से बदोली निवासी अजमेर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रात करीब 9:30 बजे जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे केशव के साथ थार गाड़ी में उनके घर के गेट के बाहर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार गाड़ी परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी। इस घटना में अजमेर सिंह, उनकी पत्नी सुषमा, बेटा ओंकार सिंह और बहू वीना देवी घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ओंकार सिंह और वीना देवी को मृत घोषित कर दिया।

ऊना अस्पताल में हंगामा, आरोपी को भी PGI किया रेफर
घटना के बाद घायलों को ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों पक्षों के लोगों के बीच हंगामे की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी के साथ भी मारपीट हुई। वह भी उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचा था, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों शव अस्पताल की मोर्चरी में रखे गए हैं और पोस्टमार्टम किया जाना है।
बदोली गांव में पुलिस की नाकेबंदी, बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद सोमवार सुबह पुलिस ने बदोली गांव और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी। गांव की ओर जाने वाली सड़क पर घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर पहले नाकेबंदी की गई और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। यह गांव अंब-ऊना नेशनल हाईवे से करीब पांच किलोमीटर अंदर स्थित है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी। आरोपी कार बाजार का काम करता है।
एसपी ऊना बोले- दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच जारी
एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदोली में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस अभियोग दर्ज कर लिए हैं। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


