हिमाचल प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सरकार के प्रयासों की सराहना की।

शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया 4 नवंबर को राजकीय प्राथमिक विद्यालय मैटी पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम शुरू किए हैं। इन्हीं प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए सुखद उपलब्धि बताया।
स्कूलों में CBSE पाठ्यक्रम और राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों पर जोर
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में CBSE पाठ्यक्रम शुरू करने और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। इनमें से कई स्कूलों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों की परिकल्पना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसके साथ ही बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर अवसर हासिल करने का मौका देना भी इसका अहम लक्ष्य है।

शिक्षकों के रिक्त पद चरणबद्ध तरीके से भरे जा रहे
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से शिक्षकों के रिक्त पद भरे जा रहे हैं, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
इस दौरान विधायक ने विद्यालय के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। विधायक को अपने बीच पाकर स्कूल के बच्चे बेहद खुश नजर आए।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


