ज्वालामुखी, 30 अक्तूबर। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर और शहर के विकास को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। मंदिर के मास्टर प्लान में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, शहर के सौंदर्यीकरण और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसी को लेकर मंदिर न्यास के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। संयुक्त आयुक्त (मंदिर) एवं एसडीएम ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विधायक संजय रत्न विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में एनआईटी हमीरपुर के डिपार्टमेंट ऑफ आर्किटेक्चर के विशेषज्ञों के साथ मंदिर परिसर और पूरे शहर के सुनियोजित विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने और ज्वालामुखी शहर को आकर्षक धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में तैयार करने से जुड़े सुझावों पर विचार किया गया।

विधायक संजय रत्न ने कहा कि श्री ज्वालामुखी मंदिर प्रदेश की महत्वपूर्ण धार्मिक धरोहर है। यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसलिए मंदिर परिसर के साथ पूरे शहर का विकास भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के जरिए ज्वालामुखी को सुंदर, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक धार्मिक पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बस स्टैंड से मंदिर तक सड़क का होगा सौंदर्यीकरण
विधायक ने कहा कि ज्वालामुखी की सुंदरता ऐसी होनी चाहिए कि बस स्टैंड पहुंचते ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक व्यवस्थित धार्मिक नगरी का अनुभव हो। इसके लिए बस स्टैंड से मंदिर तक जाने वाली सड़क का सौंदर्यीकरण करने और रास्ते के आसपास की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की जरूरत है। उन्होंने शहर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए प्रभावी योजना तैयार करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही बिजली की तारों को भूमिगत करने की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा, ताकि शहर की सुंदरता बढ़े और जगह-जगह फैले तारों के जाल से छुटकारा मिल सके।
दुकानों और जगह के बेहतर इस्तेमाल पर भी चर्चा
बैठक में नगर परिषद और मंदिर न्यास के अंतर्गत गेट नंबर-1 से रेन शेल्टर तक स्थित दुकानों को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक ने इस क्षेत्र के लिए प्रभावी योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने सुझाव दिया कि मास्टर प्लान बनाते समय मौजूदा व्यवस्थाओं, उपलब्ध जगह और व्यावसायिक गतिविधियों का पूरा आकलन किया जाए। इसके अलावा सीमित स्थान का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए डबल स्टोरी निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा।

पेयजल, कैनोपी और जल रिसाव की समस्या पर जोर
विधायक ने मंदिर क्षेत्र में पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और पहाड़ियों से होने वाले पानी के रिसाव की समस्या का समाधान करने पर जोर दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने और मौसम की मार से बचाने के लिए उपयुक्त स्थानों पर कैनोपी विकसित करने का सुझाव भी दिया। उनका कहना था कि मंदिर परिसर में उपलब्ध जगह और सुविधाओं को इस तरह विकसित किया जाना चाहिए, जिससे दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था
मास्टर प्लान में दिव्यांगजनों, बुजुर्गों और चलने-फिरने में असमर्थ श्रद्धालुओं की सुविधाओं को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई। विधायक ने कहा कि ऐसे श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाने के लिए उचित व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। हर श्रद्धालु को बिना परेशानी के दर्शन का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए सुगम आवागमन और जरूरी सुविधाओं को योजना में शामिल करने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी
संजय रत्न ने कहा कि ज्वालामुखी में धार्मिक पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। मंदिर और शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने से यह क्षेत्र पर्यटन के लिहाज से और आकर्षक बन सकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, मंदिर न्यास और विशेषज्ञों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी से बचने का आग्रह किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर का मास्टर प्लान तैयार करते समय धार्मिक महत्व, श्रद्धालुओं की सुविधा, शहर की सुंदरता और भविष्य की जरूरतों के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है, ताकि ज्वालामुखी को एक बेहतर धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
बैठक में मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल, एनआईटी हमीरपुर के आर्किटेक्चर विभाग के प्रोफेसर भानू मारवा, सह-प्राध्यापक डॉ. अश्वनी कुमार और डॉ. संदीप शर्मा, मंदिर न्यास प्रधान दिव्यांशु भूषण दत्त, नगर परिषद अध्यक्ष सोम किरण शर्मा, उपाध्यक्ष दीप्ति, पुजारी सभा प्रधान अविनेंद्र शर्मा, पुजारी शैलेन्द्र, न्यास सदस्य दीपक शर्मा, कपिल, सुधीर वैध और राजन चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


