राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार में 27 अक्टूबर 2026 को रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए पोस्टर मेकिंग और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा के जरिए एचआईवी/एड्स से बचाव, जागरूकता तथा इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया।
स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में शिवानी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि सलमा दूसरे और मुस्कान तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में ईशा देवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पायल और पायल डोगरा संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि कामिनी महाजन ने तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में प्रोफेसर मनोज कुमार, प्रोफेसर हाकम चंद, प्रोफेसर भूपेंद्र सिंह और डॉ. आशा मिश्रा शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, विषय की समझ और प्रस्तुतिकरण के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर मनोज कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना की और ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को एचआईवी/एड्स के बारे में सही जानकारी देना और समाज में इससे जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करना जरूरी है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना और समाज में इस विषय को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए प्रेरित करना था। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


