Kangra: धर्मशाला में 429 खिलाड़ियों के बीच शुरू हुई राज्य स्तरीय एथलेटिक्स मीट, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मेडल विजेताओं के लिए किया बड़ा ऐलान!

Date:

--Advertisement--

धर्मशाला में 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 लड़के एवं लड़कियों की एथलेटिक्स मीट का शुभारंभ हो गया है। धर्मशाला स्थित सिंथेटिक ट्रैक में उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों के साथ बिलासपुर, चौपाल और खेलो इंडिया केंद्र के तीन खेल छात्रावासों के कुल 429 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 225 लड़के और 204 लड़कियां शामिल हैं।

शुभारंभ अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत शानदार मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके साथ ही उन्होंने हिमाचली, नेपाली और तिब्बती संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद लिया।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने और उनके उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने बताया कि नादौन में करीब 9,735 वर्ग मीटर क्षेत्र में 112.49 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से इंडोर मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। इस परिसर में शूटिंग रेंज, स्विमिंग पूल, जिम, बहुउद्देशीय खेल हॉल, चार बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट और टेनिस कोर्ट सहित कई आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की सुविधा के लिए कोच आवास, डॉरमेट्री, कार्यालय, कैफेटेरिया और वेटिंग लाउंज जैसी सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि रामपुर बुशहर के दत्तनगर में 9.45 करोड़ रुपये की लागत से खेल छात्रावास बनाया जा रहा है, जिसमें 50 खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था होगी। वहीं, जिला सिरमौर के माजरा में 7.29 करोड़ रुपये की लागत से हॉकी एस्ट्रोटर्फ का निर्माण किया गया है।

पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के समर्पण, संघर्ष और उपलब्धियों को उचित सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है।

उन्होंने बताया कि ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि तीन करोड़ रुपये से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं की दो करोड़ रुपये से बढ़ाकर तीन करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं की एक करोड़ रुपये से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये की गई है।

इसी तरह एशियाई खेलों और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर चार करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं की 30 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं की 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.50 करोड़ रुपये की गई है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार अब तक राज्य के उन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को करीब 30 करोड़ रुपये की राशि प्रदान कर चुकी है, जिन्होंने पैरालंपिक, एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और विश्व कप जैसी प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त किए हैं अथवा इनमें भाग लिया है।

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित छात्राओं और एशियाई खेलों के पदक विजेता के कोच सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल टीम के लिए चयनित घरोह स्कूल की पांच छात्राओं को सम्मानित किया। इसके अलावा एशियाई खेलों में रजत पदक विजेता सावन भरवाल के प्रारंभिक कोच गोपाल ठाकुर को भी सम्मानित किया गया।

इससे पहले उपनिदेशक शिक्षा अजय समयाल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। एडीपीओ अतुल कटोच ने प्रतियोगिता के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्रिंसीपल अश्वनी भट्ट, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉ. जन्मेजय गुलेरिया, कैलाश शर्मा, जिला विद्यार्थी खेल संघ के पदाधिकारी, प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

spot_img

Popular

More like this
Related

सिरमौर में चिट्टे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.82 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार

सिरमौर के दाड़ो देवरिया में डिटैक्शन सैल राजगढ़ की टीम ने 9.82 ग्राम चिट्टा बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पांवटा साहिब के मटक माजरी स्कूल की बदहाली, एक कमरे में पहली से पांचवीं तक की 5 कक्षाएं; 17 साल में 30 से घटकर...

पांवटा साहिब के मटक माजरी प्राथमिक स्कूल में 17 साल बाद भी भवन नहीं बन पाया है। पहली से पांचवीं तक की पांचों कक्षाएं एक ही कमरे में चल रही हैं और 2009 में 30 से शुरू हुई छात्रों की संख्या अब 11 रह गई है।

हमीरपुर में सरकारी नौकरी का झांसा देकर 20 लाख की ठगी का आरोप, बैंक में चपरासी महिला गिरफ्तार

हमीरपुर में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 20 लाख रुपये की ठगी के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला बैंक में चपरासी के पद पर कार्यरत है और उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुए थे।

Kangra: चड़ी उपमंडल के 3 बिजली फीडरों पर आज रहेगी बिजली बंद, बंढी, राख, हाडा समेत कई गांव होंगे प्रभावित

चड़ी विद्युत उपमंडल के अंतर्गत 26 अक्तूबर को तीन बिजली लाइनों पर रखरखाव और मरम्मत कार्य किया जाएगा। चमियारा, पलोथा सुखूघाट, बंढी, कलियारा, रैली का बाग, मिलिट्री एरिया समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।