शाहपुर। शाहपुर प्रेस क्लब के गठन के बाद शनिवार को विश्राम गृह शाहपुर में क्लब की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रेस क्लब की आगामी गतिविधियों, कार्ययोजना और भविष्य की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में आपसी समन्वय मजबूत करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम के तहत धर्मशाला के पूर्व विधायक विशाल नैहरिया ने प्रेस क्लब शाहपुर की नवनियुक्त कार्यकारिणी से मुलाकात की। इस अवसर पर पत्रकारिता की भूमिका, क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
अध्यक्ष आशीष पटियाल ने बताया प्रेस क्लब का उद्देश्य
प्रेस क्लब शाहपुर के अध्यक्ष आशीष पटियाल ने कहा कि क्लब का उद्देश्य पत्रकारों को एक साझा मंच उपलब्ध करवाना और पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने, जनहित के मुद्दों को प्रशासन तक पहुंचाने और पत्रकारों के हितों के लिए मिलकर काम करेगी।
महासचिव बिचित्र शर्मा ने आगामी कार्ययोजना पर रखे विचार
प्रेस क्लब के महासचिव बिचित्र शर्मा ने कहा कि क्लब की आगामी गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से प्रेस क्लब को सक्रिय बनाया जाएगा और पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को उचित स्थान दिया जाएगा।
पूर्व विधायक विशाल नैहरिया ने पत्रकारिता को बताया लोकतंत्र का सशक्त माध्यम
धर्मशाला के पूर्व विधायक विशाल नैहरिया ने प्रेस क्लब शाहपुर की नवनियुक्त कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया जनता की आवाज सामने लाने का सशक्त माध्यम है। निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज की समस्याओं को उजागर करने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को जवाबदेह बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


