कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पालमपुर पुलिस और सीआईए टीम ने 10.41 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 14 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की। तलाशी के दौरान पालमपुर के मेन बाजार स्थित गुरु कृपा हैंडलूम में एक पार्सल से नशीला पदार्थ बरामद किया गया। मामले में दो युवकों के नाम सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय वरुण खन्ना, निवासी गुरुद्वारा रोड, पालमपुर और 27 वर्षीय अमित कुमार, निवासी मझैरना, बैजनाथ के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। मामले में अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वरुण खन्ना की तलाश जारी है।
इस मामले में थाना पालमपुर में एफआईआर नंबर 146/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बरामद नशीले पदार्थ और पार्सल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
कांगड़ा पुलिस ने लोगों से नशे से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नशे की तस्करी से जुड़ी जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि आम लोगों की सतर्कता नशे के खिलाफ कार्रवाई में अहम भूमिका निभा सकती है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


