हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस जिला नूरपुर के तहत कोटला थाना क्षेत्र के भाली गांव में एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के 63 वर्षीय पति जगदीश चंद्र को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान 53 वर्षीय ऊषा देवी, निवासी गांव भाली, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले करीब 10 वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। आरोप है कि इसी दौरान पति ने गुस्से में आकर लोहे की किसी वस्तु से ऊषा देवी पर कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में महिला की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ ज्वाली सहित नूरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कोटला थाना की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मृतका के भाई उत्तम चंद के बयान भी दर्ज किए हैं। उनके बयान के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


