उपमंडल नूरपुर में निर्माणाधीन पठानकोट-मंडी फोरलेन अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। लंबे समय से जारी निर्माण कार्य के चलते कई स्थानों पर सड़क की हालत खराब बनी हुई है। बारिश होने के बाद स्थिति और भी बिगड़ जाती है। रविवार को हुई भारी बारिश के बाद निर्माणाधीन सड़क के कई हिस्सों में कीचड़ और पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
महत्त्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित पठानकोट-मंडी फोरलेन का निर्माण पूरा होने में हो रही देरी के बीच लोगों को रोजाना मुश्किलों से गुजरना पड़ रहा है। बारिश के बाद कई जगह सड़क दलदल में तबदील हो गई। यहां से गुजरने वाले वाहनों के टायर कीचड़ में सनते रहे, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए सफर करना खासा जोखिम भरा बना रहा। सड़क पर फैली मिट्टी, कीचड़ और जमा पानी के कारण वाहन चालकों को बेहद संभलकर आगे बढ़ना पड़ रहा है।
बारिश से नूरपुर बाइपास के निकट सड़क जलमग्न
नूरपुर बाइपास के आसपास सड़क के दोनों किनारों के साथ-साथ बृंदावन, नागनी, खज्जियां, टटल और जौंटा के आसपास निर्माणाधीन फोरलेन की स्थिति बारिश के दौरान बेहद खराब हो गई। कई स्थानों पर सड़क पर कीचड़ और पानी जमा होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को इन हिस्सों से गुजरते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।
हर पल हादसे का डर
फोरलेन निर्माण के कारण पहले से ही कई स्थानों पर यातायात संबंधी परेशानियां सामने आती रही हैं। अब बारिश के दौरान कीचड़ और गड्ढों ने इन समस्याओं को और बढ़ा दिया है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, छोटे वाहनों और रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। सड़क की खराब हालत के चलते वाहनों पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।
कछुआ गति से चल रहे काम पर सवाल
पठानकोट-मंडी फोरलेन को क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके पूरा होने से यातायात सुगम होने और सफर का समय कम होने की उम्मीद है। हालांकि, निर्माण कार्य में हो रही देरी के कारण फिलहाल लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। बरसात के दौरान सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए निर्माण कार्य की गति और यातायात प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
संवेदनशील स्थानों पर ध्यान दे एनएचएआई
स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और संबंधित निर्माण एजेंसी सड़क के खराब हिस्सों की सुध लें। लोगों का कहना है कि कीचड़, जलभराव और गड्ढों की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर उचित व्यवस्था की जरूरत है।
अब सवाल यही है कि नूरपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन पठानकोट-मंडी फोरलेन का काम आखिर कब तक पूरा होगा और लोगों को बारिश के दौरान सड़क की बदहाली से होने वाली इन परेशानियों से कब निजात मिलेगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


