हिमाचल प्रदेश में नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई का तरीका बदलने की तैयारी है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड शैक्षणिक सत्र 2027-28 से दोनों कक्षाओं का पाठ्यक्रम बदलने जा रहा है। इसके तहत नया सिलेबस तैयार करने के साथ नई पाठ्यपुस्तकें भी प्रकाशित की जाएंगी। नए पाठ्यक्रम में रटकर याद करने के बजाय विषयों को समझने, कौशल विकसित करने और व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने पर अधिक जोर दिया जाएगा।
बोर्ड का लक्ष्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शैक्षणिक ढांचे के अनुरूप पढ़ाई उपलब्ध करवाना है। इसके लिए विशेषज्ञों के साथ चर्चा कर योजना तैयार की जाएगी। बोर्ड के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नौवीं और दसवीं कक्षा का प्रस्तावित नया पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं हो पाया था। इसी वजह से अब आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 से बदलाव लागू करने की तैयारी की जा रही है।
इसके तहत दोनों कक्षाओं के मौजूदा पाठ्यक्रम की समीक्षा की जाएगी और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) पर आधारित नया सिलेबस तैयार किया जाएगा। पाठ्यक्रम में बदलाव के साथ विद्यार्थियों को नई किताबें भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
चौथी से आठवीं कक्षा तक पहले ही बदल चुका है पाठ्यक्रम
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड पहले ही चौथी से आठवीं कक्षा तक के पाठ्यक्रम में बदलाव कर चुका है। अब इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए नौवीं और दसवीं कक्षा को भी इसमें शामिल किया जा रहा है।
बोर्ड का मानना है कि राज्य के पाठ्यक्रम और राष्ट्रीय स्तर पर अपनाए जा रहे शैक्षणिक ढांचे के बीच अंतर होने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। नए पाठ्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुरूप शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
रटने के बजाय समझ और कौशल विकास पर रहेगा जोर
NCERT आधारित पाठ्यक्रम लागू होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलने की उम्मीद है। नए सिलेबस में पढ़ाई का अनावश्यक बोझ कम करने, विषयों की अवधारणाओं को बेहतर तरीके से समझाने और व्यावहारिक ज्ञान बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा।
इस बदलाव के तहत विद्यार्थियों को केवल तथ्यों को याद करने के बजाय विषयों को गहराई से समझने, उनका विश्लेषण करने और सीखी गई जानकारी का वास्तविक जीवन में इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
शिक्षा बोर्ड ने शुरू की तैयारी
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि अगले वर्ष नौवीं और दसवीं कक्षा का पाठ्यक्रम बदला जाएगा और इसमें NCERT आधारित सिलेबस लागू होगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए शिक्षा बोर्ड प्रबंधन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नए पाठ्यक्रम और नई किताबों के लागू होने से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शैक्षणिक ढांचे के अनुरूप पढ़ाई उपलब्ध करवाने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


