विकसित भारत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी खेल प्रकोष्ठ की ओर से जिला स्तरीय एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में चार टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें SAI कांगड़ा की सीनियर और जूनियर टीमें तथा शाहपुर फुटबॉल अकादमी की सीनियर और जूनियर टीमें शामिल रहीं। मुकाबलों में SAI कांगड़ा की एक टीम और शाहपुर फुटबॉल अकादमी की एक टीम ने जीत हासिल की। आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट का आयोजन अगले सप्ताह भी किया जाएगा।
इस फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन प्रदेश सह-संयोजक राकेश चौहान और जिला खेल प्रकोष्ठ के सह-संयोजक केवल शर्मा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में शाहपुर मंडल के अध्यक्ष रवि दत्त शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मंडल उपाध्यक्ष जरासंध शर्मा, महिला मोर्चा की महामंत्री पूजा ठाकुर और अनुसूचित जनजाति (ST) मोर्चा के शाहपुर मंडल अध्यक्ष जयकरण भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि रवि दत्त शर्मा ने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को अपनी ऊर्जा का सही इस्तेमाल करने और उसे खेल के मैदान में लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खेलों को युवाओं के लिए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम बनाने पर जोर दिया।
वहीं, प्रदेश सह-संयोजक राकेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को परम वैभव तक पहुंचाना है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में युवाओं और खेलों की भूमिका पर जोर दिया।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


