शाहपुर। शाहपुर के धारकंडी क्षेत्र की बेटी हिमानी शर्मा ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और लगातार अभ्यास के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हिमानी शर्मा का भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से धारकंडी के साथ-साथ पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।
हिमानी शर्मा ग्राम पंचायत दरिणी के पूर्व प्रधान राजेंद्र कुमार शर्मा की बेटी हैं। क्रिकेट के प्रति उनकी लगन और मेहनत ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है। इससे पहले हिमानी हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। अब BCCI की अंडर-19 महिला टीम में चयन उनके क्रिकेट सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बन गया है।
पिता राजेंद्र कुमार शर्मा ने जताई खुशी
बेटी के चयन पर राजेंद्र कुमार शर्मा ने खुशी जताते हुए कहा कि हिमानी ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार के साथ-साथ पूरे धारकंडी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि पर उन्हें बेहद गर्व है और यह उनके लिए खुशी का विशेष क्षण है। उन्होंने हिमानी की सफलता का श्रेय उसकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और क्रिकेट के प्रति समर्पण को दिया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि हिमानी की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य बच्चों, खासकर बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। गांव की बेटी का राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना पूरे धारकंडी क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
हिमानी शर्मा की सफलता ने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा किसी शहर या बड़े संस्थान की मोहताज नहीं होती। दृढ़ संकल्प, मेहनत और सही दिशा मिले तो ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
हिमानी का BCCI अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन धारकंडी की बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने वाली उपलब्धि है। क्षेत्रवासियों ने हिमानी और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



