कुल्लू। वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के मुद्दे को लेकर जिला मुख्यालय ढालपुर में युवा कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला भी फूंका। युवा कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और हिमाचल प्रदेश में SIR की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के सह प्रभारी ज्योतिष एचएम और जिला कुल्लू युवा कांग्रेस के प्रभारी तरुण ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने मतदाता सूची में नामों को हटाने और जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की।
हिमाचल के सह प्रभारी ज्योतिष एचएम ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी कई बार SIR के मुद्दे को उठा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की ओर से इस प्रक्रिया में मनमानी की जा रही है और कई लोगों के वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी SIR की प्रक्रिया शुरू होने वाली है, जिसका युवा कांग्रेस विरोध कर रही है।
जिला कुल्लू युवा कांग्रेस के प्रभारी तरुण ठाकुर ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली के विरोध में पूरे प्रदेश में धरने-प्रदर्शन किए जा रहे हैं और कुल्लू में भी युवा कांग्रेस ने इसी मुद्दे पर प्रदर्शन किया है। उन्होंने दावा किया कि देशभर में 13 करोड़ से अधिक वोट रद्द किए गए और ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए, जिन्हें नहीं जोड़ा जाना चाहिए था। ये आंकड़े और आरोप प्रदर्शनकारियों की ओर से लगाए गए हैं। SIR और मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर देशभर में राजनीतिक विवाद जारी है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


