कांगड़ा शहर में बढ़ते यातायात दबाव और त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी को लेकर संयुक्त कार्यालय भवन में एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में डीएसपी कांगड़ा राजेश कुमार, तहसीलदार प्रकाश चंद, व्यापार मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश, नगर परिषद उपाध्यक्ष राजकुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कांगड़ा मंदिर बाजार, शहर और गगल मार्केट की यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में एसडीएम ने बाजारों में पहले से लागू येलो लाइन व्यवस्था की समीक्षा की और जरूरत के अनुसार नई येलो लाइन लगाने के निर्देश दिए। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे येलो लाइन के बाहर सामान न लगाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
इसके साथ ही प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण हटाने, फुटपाथ खाली करवाने और अनधिकृत पार्किंग पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। दोपहिया वाहनों के लिए येलो लाइन के आधार पर पार्किंग स्थल चिन्हित करने की बात भी कही गई है, ताकि बाजार क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जा सके।
बैठक में गगल राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे हो रहे अतिक्रमण और मटौर पुल पर बड़े तथा मालवाहक वाहनों की आवाजाही को लेकर भी चर्चा हुई। प्रशासन की कोशिश है कि त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने कहा कि नवरात्रों के दौरान कांगड़ा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ यातायात का दबाव भी बढ़ेगा। ऐसे में प्रशासन, व्यापारियों और आम लोगों के सहयोग से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से यातायात नियमों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


