बिलासपुर, 3 सितंबर: बिलासपुर जिले की वॉलीबॉल प्रतिभाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, धर्मशाला में लड़कियों के लिए आवासीय आधार पर आयोजित होने वाले वॉलीबॉल चयन परीक्षण 7 से 9 सितंबर 2026 तक होंगे। इच्छुक और पात्र खिलाड़ी इस चयन परीक्षण में हिस्सा लेकर उच्च स्तर की ट्रेनिंग और खेल सुविधाओं का मौका हासिल कर सकती हैं।
7 सितंबर को सुबह 9 बजे होगी रिपोर्टिंग
इच्छुक एवं पात्र लड़कियां 7 सितंबर को सुबह 9:00 बजे राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, खेल परिसर, निकट क्रिकेट स्टेडियम, धर्मशाला, जिला कांगड़ा में पंजीकरण और रिपोर्टिंग कर सकती हैं। बिलासपुर जिले की वॉलीबॉल में रुचि रखने वाली और निर्धारित शारीरिक मानदंड पूरा करने वाली लड़कियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।
उम्र के हिसाब से तय है न्यूनतम ऊंचाई
चयन परीक्षण के लिए जन्मतिथि और न्यूनतम ऊंचाई के अलग-अलग मानदंड तय किए गए हैं। 1 जनवरी 2011 या इसके बाद जन्मी लड़कियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 172 सेंटीमीटर निर्धारित है। 1 जनवरी 2010 या इसके बाद जन्मी लड़कियों के लिए 174 सेंटीमीटर, 1 जनवरी 2009 या इसके बाद जन्मी लड़कियों के लिए 176 सेंटीमीटर और 31 दिसंबर 2008 एवं उससे पहले जन्मी लड़कियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 180 सेंटीमीटर होनी चाहिए।
चयन के बाद मिलेंगी ये सुविधाएं
राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में चयनित खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की सेवाएं मिलेंगी। इसके अलावा उत्कृष्ट खेल अवसंरचना एवं उपकरण, खेल किट, खेल विज्ञान विशेषज्ञों के माध्यम से वैज्ञानिक प्रशिक्षण सहायता और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर दिए जाएंगे।
खिलाड़ियों को शैक्षणिक सहायता, निःशुल्क आवास एवं भोजन, चिकित्सा सुविधाएं और चिकित्सा बीमा सहित अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव हासिल करने का अवसर भी मिलेगा।
इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा
रिपोर्टिंग के समय प्रतिभागियों को मूल दस्तावेजों के साथ उनकी स्वप्रमाणित फोटो प्रतियां भी लानी होंगी। प्रत्येक दस्तावेज की दो प्रतियां साथ रखना जरूरी है। इनमें जन्मतिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निर्धारित प्रदर्शन मानदंड के अनुसार खेल उपलब्धि प्रमाणपत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र और चार पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो शामिल हैं।
ट्रायल के दौरान खाने और ठहरने की सुविधा नहीं
महत्वपूर्ण बात यह है कि चयन परीक्षण में शामिल होने वाली लड़कियों के लिए परीक्षण अवधि के दौरान खान-पान और ठहरने की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। इसलिए प्रतिभागियों को इसकी व्यवस्था स्वयं करनी होगी।
अधिक जानकारी के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
चयन परीक्षण से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए 9816107438, 8708553893 अथवा 01892-224807 पर संपर्क किया जा सकता है। अंतिम चयन भारतीय खेल प्राधिकरण के निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार समग्र योग्यता, उपलब्ध सीटों, आयु सत्यापन और अन्य निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया जाएगा।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


