बिलासपुर, 3 सितंबर: बिलासपुर जिले में कोट-कंगड़ी-दसमल सड़क मार्ग पर सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है। लोक निर्माण विभाग घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाली इस सड़क पर आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते यातायात बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत यह आदेश जारी किया है।
19 सितंबर तक बंद रहेगा सड़क मार्ग
जारी आदेश के अनुसार कोट-कंगड़ी-दसमल सड़क मार्ग को मरम्मत कार्य के चलते आगामी 19 सितंबर तक यातायात के लिए बंद रखा जाएगा। इस दौरान आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रहेगी।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। दसमल की ओर से आने वाले वाहनों को धग्याड़-जाहू मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। वहीं, देहरा की ओर से आने वाले वाहनों को दधोल-लदरौर सड़क मार्ग से आवाजाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों को मिलेगी अनुमति
मरम्मत कार्य के दौरान सड़क पर सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, लेकिन एम्बुलेंस, स्कूल बसों, वीआईपी वाहनों और अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों को आने-जाने की अनुमति रहेगी। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


