शाहपुर। रैत ब्लॉक में निर्वाचित पंचायत समिति (BDC) सदस्यों की शपथ में हो रही देरी को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अरविंद सिंह चौधरी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रशासन से रैत ब्लॉक के सभी निर्वाचित BDC सदस्यों की जल्द से जल्द शपथ करवाने की मांग की है।
अरविंद सिंह चौधरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 79 के तहत पंचायत समिति के निर्वाचित सदस्यों की शपथ या प्रतिज्ञान और आगे की निर्वाचन प्रक्रिया का प्रावधान है। ऐसे में शपथ में देरी क्यों हो रही है, इसका कारण प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर निर्वाचित सदस्यों की शपथ में देरी की वजह क्या है। उन्होंने आशंका जताते हुए पूछा कि कहीं किसी राजनीतिक दबाव या राजनीतिक स्वार्थ के कारण इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित तो नहीं किया जा रहा। चौधरी ने कहा कि यदि शपथ में देरी के पीछे कोई कानूनी, प्रशासनिक या तकनीकी कारण है तो उसे भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
अरविंद सिंह चौधरी ने कहा कि BDC सदस्य जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि हैं और उन्हें अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास कार्यों को पंचायत समिति के माध्यम से उठाने की जिम्मेदारी मिली है। ऐसे में जनता के मत से चुने गए प्रतिनिधियों को समय पर अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि रैत ब्लॉक के सभी निर्वाचित BDC सदस्यों की तत्काल शपथ करवाई जाए, ताकि वे अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों और विकास कार्यों को पंचायत समिति के माध्यम से आगे बढ़ा सकें।
चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश सर्वोपरि है और किसी भी राजनीतिक दबाव, हस्तक्षेप या स्वार्थ के कारण निर्वाचित प्रतिनिधियों के अधिकार प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचित BDC सदस्यों के अधिकारों और जनता के जनादेश के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


