मणिमहेश यात्रा में श्रद्धालुओं पर 3 अलग-अलग शुल्क का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, विधायक डॉ. जनक राज ने 250 रुपये वसूली पर उठाए सवाल
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में शून्यकाल के दौरान विधायक डॉ. जनक राज ने प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा में श्रद्धालुओं से लिए जा रहे तीन अलग-अलग शुल्क का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं से पंजीकरण शुल्क के अलावा दो अन्य शुल्क भी लिए जा रहे हैं। तीनों शुल्क मिलाकर 250 रुपये की राशि लेना तर्कसंगत नहीं है। विधायक ने सरकार से मांग की कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक प्रबंध पूरे किए जाएं और मणिमहेश यात्रा के कुगती ट्रैक पर लगाई गई पाबंदी को हटाया जाए।
जवाब में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि विधायक ने मणिमहेश यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे सदन में रखे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष हुई त्रासदी के बाद यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि परिक्रमा यात्रा ट्रैक को और बेहतर करने की आवश्यकता है। इस संबंध में डीसी स्तर पर दो-तीन बैठकें भी हुई हैं, हालांकि किन्हीं कारणों से वह इन बैठकों में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि बैठकों में आए सुझावों पर विचार किया जाएगा। सरकार ने होली से ही मणिमहेश यात्रा के लिए हेली टैक्सी सेवा भी शुरू की है।
विभाग की सूची में शामिल होंगे अंतरराष्ट्रीय खेल
विधायक मलेंद्र राजन ने सदन में कहा कि कई खेल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त हैं, लेकिन वे प्रदेश के सूचीबद्ध खेलों में शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त खेलों की बड़ी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि उचित प्रक्रिया के तहत इन खेलों को भी विभाग की सूची में शामिल किया जाए और इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाए।
जवाब में आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर जीत हासिल कर लौटने वाले खिलाड़ियों को सरकार सम्मानित करती है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में सरकार ने 200 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि कई खेल ओलंपिक में दर्ज नहीं हैं। सूचीबद्ध खेलों में अन्य खेलों को शामिल करने का मामला फिलहाल विचाराधीन है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


