कांगड़ा/शाहपुर: मानसून के दौरान किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए शाहपुर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार देर शाम रैत ब्लॉक कार्यालय के समिति हाल में उपमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की।
बैठक में मानसून तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए केवल सिंह पठानिया ने सभी विभागों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग पूरी तैयारी के साथ कार्य करें और आपसी समन्वय बनाए रखें।
विधायक ने प्रत्येक विभाग को एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने और उसका मोबाइल नंबर प्रशासन के साथ साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत संपर्क स्थापित किया जा सकेगा और राहत कार्यों में तेजी आएगी।
लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए कि सभी प्रमुख और ग्रामीण सड़कें यातायात के लिए सुचारू रूप से खुली रहें। साथ ही जेसीबी और अन्य आवश्यक मशीनरी को पहले से चिन्हित स्थानों पर तैनात रखा जाए, ताकि भूस्खलन या सड़क अवरोध की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
जल शक्ति विभाग को पेयजल भंडारण टैंकों का नियमित क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि क्लोरीनेशन के समय संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों को भी इसकी जानकारी दी जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर निगरानी और सहभागिता बनी रहे।
उन्होंने विद्युत विभाग को बारिश के मौसम में बिजली आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने तथा किसी भी तकनीकी खराबी को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। वहीं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को राशन और रसोई गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ गैस वितरण का रूट चार्ट पहले से सार्वजनिक करने के लिए कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को बरसात से संबंधित बीमारियों की दवाइयों का पर्याप्त भंडार बनाए रखने और प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सर्पदंश के उपचार के लिए एंटी-वेनम इंजेक्शन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
केवल सिंह पठानिया ने सभी विभागीय अधिकारियों से अपने मोबाइल फोन हमेशा सक्रिय रखने को कहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए टीमवर्क और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सबसे महत्वपूर्ण है।
बैठक के दौरान एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने विधायक को आश्वस्त किया कि उनके सभी निर्देशों और सुझावों का गंभीरता से पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान उपमंडल स्तर के सभी विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करेंगे।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला परिषद सदस्य, नगर पंचायत शाहपुर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद तथा विभिन्न पंचायतों के प्रधान भी उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


