शाहपुर। कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी इलाके में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सपेड़ा, घड़घु और आसपास के कई क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि कुछ घरों में पानी घुसने से स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब मौसम के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया क्षेत्र से बाहर होने के बावजूद लगातार हालात की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से जिला प्रशासन, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं।

विधायक ने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित परिवारों तक तुरंत पहुंचकर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भूस्खलन के कारण बंद हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने और यातायात जल्द बहाल करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाई न हो।
Watch Live on Facebook & YouTube or Instagram
Facebook: https://www.facebook.com/share/v/1HEQar2984/?mibextid=wwXIfr
YouTube: https://youtu.be/_7YLVnbEFU8?si=yYToQ017wNgGEBP-
Instagram: https://www.instagram.com/reel/DbDoaqpEqZ5/?igsh=MXFobjFoeHMzbXV0bw==
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


