धर्मशाला। जिला परिषद कांगड़ा को नया नेतृत्व मिल गया है। सोमवार को धर्मशाला स्थित जिला परिषद सभागार में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सर्वसम्मति से संपन्न हुई। वार्ड-8 (कल्याड़ा) से निर्वाचित जिला परिषद सदस्य सीमा देवी को जिला परिषद कांगड़ा का अध्यक्ष, जबकि वार्ड-53 (शेखुपुरा) से निर्वाचित सदस्य अभिमन्यु कंवर को उपाध्यक्ष चुना गया।

जिला परिषद कांगड़ा में कुल 54 सदस्य हैं, जिनमें से चुनाव प्रक्रिया के दौरान 39 सदस्य उपस्थित रहे। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ। इसके चलते सीमा देवी और अभिमन्यु कंवर को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

चुनाव के बाद उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा ने नव निर्वाचित अध्यक्ष सीमा देवी और उपाध्यक्ष अभिमन्यु कंवर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपायुक्त ने दोनों पदाधिकारियों सहित सभी जिला परिषद सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम में जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिला परिषद के नए नेतृत्व से क्षेत्र के विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


