धर्मशाला/कांगड़ा, 19 जुलाई 2026। मौसम विभाग शिमला द्वारा कांगड़ा जिले के लिए 20 और 21 जुलाई 2026 को रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा हेमराज बैरवा (IAS) ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 30 के तहत आदेश जारी करते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को दो दिनों के लिए बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार 20 और 21 जुलाई को कांगड़ा जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, तकनीकी संस्थान, आंगनवाड़ी केंद्र और क्रेच सेंटर बंद रहेंगे। हालांकि आवासीय शिक्षण संस्थानों को इस आदेश से बाहर रखा गया है।
प्रशासन ने यह निर्णय भारतीय मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी को देखते हुए लिया है। मौसम विभाग के अनुसार इन दो दिनों के दौरान कांगड़ा जिले में अति भारी बारिश होने की संभावना है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़, पेड़ों के गिरने और सड़कों के अवरुद्ध होने जैसी घटनाएं हो सकती हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। विशेष रूप से छात्रों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन दो दिनों के दौरान शिक्षण और प्रशासनिक स्टाफ को संस्थानों में उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संस्थान प्रमुख आवश्यक स्टाफ को बुला सकते हैं।
जिन शिक्षण संस्थानों में 20 और 21 जुलाई को परीक्षाएं निर्धारित थीं, उन्हें भी स्थगित कर दिया गया है। नई परीक्षा तिथियों की घोषणा संबंधित संस्थान बाद में करेंगे।
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। आदेश की प्रतियां शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, एसडीएम कार्यालयों, डीपीआरओ और एनआईसी को भेज दी गई हैं ताकि इसकी व्यापक जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा सके और आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो।

प्रशासन ने अभिभावकों, छात्रों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की सलाह का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों तथा जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
बरतें सावधानी, आपदा में करें संपर्क वहीं, उपायुक्त ने सभी लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए नदी-नालों के पास न जाने की हिदायत दी है। उन्होंने आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के टोल फ्री 1077 नम्बर पर सूचित करें।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


