सोलन, 16 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के परवाणू स्थित टर्मिनल सेब मंडी में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां सीमेंट से लदे एक ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू ट्रक ने मंडी में पहले से खड़े तीन अन्य ट्रकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों ट्रकों को भारी नुकसान पहुंचा और उनके परखच्चे उड़ गए।

हादसे में सीमेंट से लदे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे एम्बुलेंस के माध्यम से ईएसआई अस्पताल, परवाणू पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जीएमसीएच सेक्टर-32, चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए सेब मंडी परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय मंडी में मौजूद किसी अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


