हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रविवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। पच्छाद उपमंडल के सराहां बस स्टैंड के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक महिला शिक्षिका समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे अधिकारी जेटली अपने परिवार के साथ सराहां से घर लौट रहे थे। कार में उनके साथ उनकी पत्नी उर्मिला जेटली, बेटा यशस्वी और शिक्षिका रीना शर्मा भी मौजूद थीं। सराहां बस स्टैंड से कुछ दूरी आगे पहुंचते ही चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो लोगों की मौत हो चुकी थी।

इस हादसे में 48 वर्षीय रीना शर्मा, पत्नी राम लाल, निवासी धरगौण (सराहां) और 65 वर्षीय अधिकारी जेटली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल उर्मिला जेटली को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। दुर्घटना में घायल यशस्वी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना वाहन से नियंत्रण खोने के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
घटना के बाद पच्छाद प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। वहीं घायल युवक के उपचार के लिए 5 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।

स्थानीय विधायक रीना कश्यप ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही पूरे पच्छाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और मृतकों के घर पहुंचे, जहां हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध नजर आया।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


