निहरी, 29 जून। मंडी जिले के निहरी क्षेत्र में वन विभाग ने देवदार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देवदार की लकड़ी से भरी एक पिकअप को कब्जे में लिया है। इस दौरान तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार जयदेवी वन परिक्षेत्र की रात्रि गश्त टीम उप वन क्षेत्राधिकारी रामलाल के नेतृत्व में नियमित गश्त पर थी। रविवार देर रात करीब 2 बजे टीम ने च्योरा डिमार्केटेड संरक्षित वन क्षेत्र में कुछ लोगों की संदिग्ध गतिविधियां देखीं। जब वन कर्मी मौके पर पहुंचे तो वहां पांच लोग एक पिकअप में देवदार की लकड़ी लोड कर रहे थे।

वन विभाग की टीम को देखकर दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि तीन लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन से देवदार के 10 लट्ठे बरामद किए गए, जबकि सड़क किनारे रखे गए 15 अन्य लट्ठे भी जब्त किए गए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि च्योरा संरक्षित वन क्षेत्र में कुल नौ देवदार के पेड़ों को काटा गया था। इनमें छह चतुर्थ श्रेणी और तीन पंचम श्रेणी के पेड़ शामिल हैं। बरामद लकड़ी का कुल आयतन 1.230 घन मीटर आंका गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई जा रही है।
डीएफओ राकेश कटोच ने बताया कि जून 2023 से अब तक वन मंडल में 67 जंगल चेकिंग अभियान चलाए जा चुके हैं, जिनकी बदौलत अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिली है। वहीं, एसपी विनोद कुमार ने बताया कि वन विभाग की शिकायत के आधार पर थाना बीएसएल में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!