Kangra: राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कांगड़ा के वेद आश्रम में लिया आशीर्वाद, वैदिक ज्ञान और संस्कृति संरक्षण पर दिया बड़ा संदेश

कांगड़ा प्रवास के दौरान राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने योल स्थित वेद आश्रम का दौरा कर आश्रम के संस्थापक एवं प्रख्यात वैदिक विद्वान स्वामी राम स्वरूप योगाचार्य से भेंट की। इस दौरान उन्होंने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति तथा कल्याण की कामना की।

राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता की मूल चेतना वेदों में निहित है। उनके अनुसार वैदिक ज्ञान मानवता को सत्य, सदाचार और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की आवश्यकता पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

Advertisement

उन्होंने स्वामी राम स्वरूप योगाचार्य द्वारा वेदों के अध्ययन, अनुसंधान और प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य भारतीय ज्ञान परंपरा को सशक्त बनाने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि ऐसे आश्रम समाज में नैतिकता, आध्यात्मिकता और मानव कल्याण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वेद आश्रम भविष्य में भी वैदिक ज्ञान के प्रसार और समाज के नैतिक उत्थान के लिए इसी समर्पण के साथ कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और आश्रम से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!