हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू), शिमला द्वारा घोषित बी.ए. तृतीय वर्ष (वार्षिक) परीक्षा 2025-26 के परिणाम में राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय, क्षेत्र और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल बन गया और विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अभिभावकों ने सफल छात्राओं को बधाइयां दीं।

महाविद्यालय की मेधावी छात्रा ममता देवी ने 7.98 CGPA हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। ममता, श्री उत्तम चंद और श्रीमती छैल्लो देवी की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन को दिया।
दूसरे स्थान पर आरती चौहान रहीं, जिन्होंने 7.95 CGPA प्राप्त किया। आरती, श्री रिहारू राम और श्रीमती सागरंदू देवी की पुत्री हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर पढ़ाई के दम पर यह उपलब्धि हासिल करना संभव हुआ।
सकीना देवी ने 7.77 CGPA के साथ महाविद्यालय में तीसरा स्थान प्राप्त किया। सकीना, श्री रमेश चंद और श्रीमती सुदर्शना देवी की पुत्री हैं। उनकी सफलता से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार ने तीनों छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, समर्पण, शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है और विद्यार्थियों की यह सफलता संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली छात्राओं का इस तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करना अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये छात्राएं भविष्य में उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य क्षेत्रों में भी सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

महाविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी सफल छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। उल्लेखनीय है कि राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार के विद्यार्थी पिछले कुछ वर्षों से विश्वविद्यालय परीक्षाओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और इस वर्ष भी छात्राओं की सफलता ने महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को और मजबूत किया है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!